सेमलखेड़ी में खेत के पास युवक का क्षत-विक्षत शव और कंकाल मिलने से सनसनी : लापता नाबालिग किशोरी से कंकाल के जुड़े होने की आशंका : पुलिस जांच में जुटी
जानकारी के अनुसार रविवार शाम सेमलखेड़ी निवासी कुसुम पति शंकर खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान उन्हें तेज दुर्गंध महसूस हुई। आसपास देखने पर खेत में क्षत-विक्षत शव पड़ा दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद शाम करीब 6 बजे पुलिस को घटना की जानकारी मिली।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम सेमलखेड़ी में खेत के पास युवक का क्षत-विक्षत शव और कुछ दूरी पर कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। एक ही स्थान के आसपास दो शव मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मौके से सल्फास की डिब्बी भी बरामद हुई है। मृतक की पहचान 20 वर्षीय सुखराम पिता रमेश गणावा, निवासी सेमलखेड़ी के रूप में हुई है। वहीं कंकाल की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस को आशंका है कि कंकाल क्षेत्र से लापता नाबालिग किशोरी का हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच और डीएनए परीक्षण के बाद ही होगी।
घास काटने गई महिला को मिली दुर्गंध, खेत में पड़ा था शव
जानकारी के अनुसार रविवार शाम सेमलखेड़ी निवासी कुसुम पति शंकर खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान उन्हें तेज दुर्गंध महसूस हुई। आसपास देखने पर खेत में क्षत-विक्षत शव पड़ा दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद शाम करीब 6 बजे पुलिस को घटना की जानकारी मिली।
बारिश के चलते पुलिस रात करीब 8 बजे घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान खेत में युवक का शव मिला। पास ही एक कंकाल भी पड़ा था। पुलिस के अनुसार, शव को जानवरों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की आशंका है। दोनों के पास मिले कपड़ों और अन्य सामान को जांच में लिया गया है।
कपड़ों से हुई युवक की पहचान, कंकाल के पास मिले नाबालिग के कपड़े
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ और मौके से मिले कपड़ों के आधार पर युवक की पहचान सुखराम गणावा के रूप में की। वहीं कंकाल के पास मिले कपड़ों को लेकर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। इन कपड़ों के नाबालिग किशोरी से संबंधित होने की आशंका जताई जा रही है।
1 सितंबर से लापता थी किशोरी, युवक पर था संदेह
जांच में सामने आया कि क्षेत्र की एक नाबालिग किशोरी के परिजनों ने 1 सितंबर को रावटी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों ने किशोरी को सुखराम द्वारा अपने साथ ले जाने का संदेह जताया था। अब सुखराम का शव और पास ही कंकाल मिलने से पुलिस दोनों मामलों को जोड़कर जांच कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और कंकाल किसका है। मौके से मिली सल्फास की डिब्बी सहित अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम और डीएनए जांच से खुलेगा राज
पुलिस ने युवक के शव और कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। कंकाल की वास्तविक पहचान के लिए डीएनए परीक्षण कराया जा सकता है। फिलहाल पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है और मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि युवक की पहचान हो चुकी है, जबकि कंकाल की पहचान बाकी है। नाबालिग किशोरी की गुमशुदगी और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
What's Your Reaction?



