.सैलाना: शादी में गए परिवार के सूना घर में चोरी : सैलाना पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा : आरोपी सहित लाखों के जेवर जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब ₹5 लाख मूल्य के आभूषण, ₹21 हजार नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) सैलाना पुलिस ने शादी समारोह के दौरान सूने घर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब ₹5 लाख के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी सुश्री नीलम बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सैलाना निरीक्षक पिंकी आकाश के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम बोदिना निवासी फरियादी निर्मल पाटीदार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अप्रैल को परिवार के सभी सदस्य शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए थे। रात करीब 10 बजे लौटने पर घर का दरवाजा टूटा मिला और अंदर अलमारी से चांदी के आभूषण व नकदी गायब थे। इसी दौरान रिश्तेदार के बैग से भी सोने का हार और नगदी चोरी होना सामने आया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही सुजल पाटीदार (20), निवासी ग्राम पंचेवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पवन चक्की क्षेत्र स्थित एक टीन शेड से चोरी गया सोने का हार और चांदी के आभूषण बरामद किए गए। वहीं चोरी की नकदी आरोपी ने अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में छिपा रखी थी, जिसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब ₹5 लाख मूल्य के आभूषण, ₹21 हजार नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश, उपनिरीक्षक आनंद बागवान, सहायक उपनिरीक्षक संकर सिंह शक्तावत, आरक्षक फ़क़ीरचंद सोलंकी, सहित और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?



