सैलाना बायपास बना हादसों का हॉटस्पॉट : स्पीड ब्रेकर की मांग तेज : नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने उठाई सुरक्षा की मांग : आंदोलन की चेतावनी
विशेष रूप से बायपास के प्रमुख चौराहों और क्रॉसिंग पॉइंट्स पर वाहनों की तेज और अनियंत्रित गति हादसों का मुख्य कारण बन रही है। इस स्थिति को देखते हुए सभी प्रमुख स्थानों पर मानक स्पीड ब्रेकर (गति अवरोधक) लगाए जाने की मांग की गई है।
सैलाना ( प्रकाशभारत न्यूज़) नगर के सैलाना बायपास पर लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर अब जनप्रतिनिधियों ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने मध्यप्रदेश सड़क परिवहन निगम के महाप्रबंधक भरत यादव को पत्र लिखकर तत्काल सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।
पत्र में बताया गया है कि सैलाना बायपास अब अत्यंत व्यस्त मार्ग बन चुका है, जहां भारी वाहनों के साथ स्थानीय यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते आए दिन दर्जनों छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
विशेष रूप से बायपास के प्रमुख चौराहों और क्रॉसिंग पॉइंट्स पर वाहनों की तेज और अनियंत्रित गति हादसों का मुख्य कारण बन रही है। इस स्थिति को देखते हुए सभी प्रमुख स्थानों पर मानक स्पीड ब्रेकर (गति अवरोधक) लगाए जाने की मांग की गई है।
इसके साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड और रेडियम संकेतक लगाने की भी बात कही गई है, ताकि विशेषकर रात्रि के समय वाहन चालक सतर्क रह सकें और हादसों में कमी लाई जा सके।
शुक्ला ने एजेंसी और ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क का निर्माण बिना तकनीकी मानकों और तय मापदंडों के किया गया है। यही कारण है कि अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल होकर स्थायी रूप से प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मार्ग पर सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया और स्पीड ब्रेकर नहीं बनाए गए, तो जनहित में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
What's Your Reaction?



