सर्राफा बाजार में डकैती की साजिश नाकाम : अंतरराज्यीय पारदी गैंग के 6 बदमाश हथियारों सहित गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही शहर के चांदनी चौक स्थित सर्राफा बाजार में प्रस्तावित बड़ी वारदात को विफल कर दिया।

Jun 14, 2026 - 15:09
Jun 14, 2026 - 15:50
 0
सर्राफा बाजार में डकैती की साजिश नाकाम : अंतरराज्यीय पारदी गैंग के 6 बदमाश हथियारों सहित गिरफ्तार

रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) थाना स्टेशन रोड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सर्राफा बाजार में डकैती की योजना बना रहे अंतरराज्यीय पारदी गैंग के छह बदमाशों को घातक हथियारों और चोरी-नकबजनी में प्रयुक्त होने वाले औजारों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही शहर के चांदनी चौक स्थित सर्राफा बाजार में प्रस्तावित बड़ी वारदात को विफल कर दिया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक जितेंद्रसिंह जादौन के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंचपीर दरगाह नई ईदगाह के पास उंकाला रोड पर 6-7 संदिग्ध व्यक्ति घातक हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छह आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सर्राफा बाजार की एक बड़ी ज्वेलर्स दुकान में डकैती की योजना बना रहे थे।

हथियार और नकबजनी के औजार जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार तलवार, फालिया, रॉडनुमा गुप्ती, लोहे की टॉमी, लकड़ी का डंडा तथा एक बैग में रखी गुलेल, हाइड्रोलिक कटर, पेचकस और अन्य औजार बरामद किए हैं।

इस मामले में थाना स्टेशन रोड पर अपराध क्रमांक 458/2026 के तहत धारा 310(4), 310(5) बीएनएस एवं 25 आयुध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

एक इनामी आरोपी सहित छह गिरफ्तार, एक फरार

गिरफ्तार आरोपियों में कैलाश मोंगिया (अशोकनगर), मेहरसिंह उर्फ नेहरिया (रायसेन), नामेश उर्फ सोल्जर (रायसेन), प्रभात उर्फ चेतन (रायसेन), निखिल मोगिया (उज्जैन/गुना) तथा वजूद उर्फ अंगद (अशोकनगर) शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रभात उर्फ चेतन बुरहानपुर जिले के नेपानगर में हुई एक बड़ी डकैती का फरार इनामी आरोपी भी है। कई आरोपियों के खिलाफ पूर्व से गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं तथा गिरफ्तारी एवं स्थायी वारंट भी लंबित हैं।

वहीं, सर्राफा बाजार की रेकी करने वाला आरोपी दिनेश हांडा निवासी बजरंग नगर रतलाम अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्रसिंह जादौन, उप निरीक्षक जितेंद्रसिंह कनेश, विजयसिंह बामनिया सहित हेमंत परमार, मुकेशसिंह चौहान, विजय मीणा, दीपक मकवाना, ललित वर्मा, गोपाल आंजना, हरिकिशन पंवार, लखनसिंह, वीरेंद्र सोनी एवं लोमेश शर्मा (सीसीटीएनएस) की सराहनीय भूमिका रही।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.