चलती ट्रेन के वॉशरूम में जज की पत्नी की मौत : निंबाहेड़ा स्टेशन पर पति करता रहा इंतजार : दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव
जब ट्रेन निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंची तो राजकुमार चौहान ट्रेन से उतरकर अपनी पत्नी का इंतजार करते रहे, लेकिन वह बाहर नहीं आईं। काफी देर तक कोई खबर नहीं मिलने पर उन्हें चिंता हुई और उन्होंने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। चलती ट्रेन के वॉशरूम में एक जज की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर महिला को साइलेंट हार्ट अटैक आने की आशंका जताई जा रही है। घटना कांचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 17606) में हुई।
जानकारी के अनुसार अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान अपनी पत्नी उषा चौहान के साथ जोधपुर से निंबाहेड़ा की यात्रा कर रहे थे। दोनों अलग-अलग कोच में सफर कर रहे थे। निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंचने से कुछ समय पहले उषा चौहान ने फोन कर अपने पति को बताया कि वह वॉशरूम जा रही हैं।
जब ट्रेन निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंची तो राजकुमार चौहान ट्रेन से उतरकर अपनी पत्नी का इंतजार करते रहे, लेकिन वह बाहर नहीं आईं। काफी देर तक कोई खबर नहीं मिलने पर उन्हें चिंता हुई और उन्होंने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस ने ट्रेन को मंदसौर में रुकवाया, लेकिन वहां वॉशरूम का दरवाजा नहीं खुल सका। इसके बाद रतलाम जिले के जावरा अनुभाग में ट्रेन रुकवाकर पुलिस ने वॉशरूम का दरवाजा तोड़ा। अंदर उषा चौहान अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं।
उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार प्रथम दृष्टया महिला को साइलेंट हार्ट अटैक आने की आशंका है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?

