रतलाम शर्मसार : मासूम पिल्ले को सड़क पर घसीटती रहीं महिलाएं : वीडियो वायरल : दो महिलाओं पर मामला दर्ज
औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी के अनुसार, आरोपी महिलाओं दीपिका पाटीदार और पूजा पांचाल के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 तथा बीएनएस की धारा 325 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज) रतलाम की पॉश कॉलोनी लालबाग एवेन्यू में बेजुबान जानवर के साथ क्रूरता का बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां दो महिलाओं ने एक मासूम कुत्ते के बच्चे (पिल्ले) को रस्सी से बांधकर स्कूटी के पीछे सड़क पर घसीट दिया। इस अमानवीय हरकत का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, दो महिलाएं स्कूटी से जा रही थीं। स्कूटी के पीछे बैठी महिला ने एक पिल्ले को रस्सी से बांध रखा था और उसे सड़क पर घसीटते हुए ले जाया जा रहा था। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पिल्ला करीब 200 मीटर से ज्यादा दूरी तक सड़क पर घिसटता रहा, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने महिलाओं को आवाज देकर रोकने की कोशिश भी की, लेकिन उन्होंने स्कूटी नहीं रोकी और तेज रफ्तार से आगे बढ़ती रहीं। इस दौरान मासूम पिल्ला सड़क पर रगड़ खाता हुआ तड़पता रहा, जिससे घटना को देख लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया।
आक्रोश के बाद दर्ज हुआ मामला
लालबाग एवेन्यू क्षेत्र का वीडियो सामने आने के बाद शक्ति नगर निवासी पत्रकार विजय मीणा और अदिति मिश्रा ने औद्योगिक क्षेत्र थाने में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में दो महिलाओं के नाम दीपिका पाटीदार और पूजा पांचाल बताए गए हैं।
औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी के अनुसार, आरोपी महिलाओं दीपिका पाटीदार और पूजा पांचाल के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 तथा बीएनएस की धारा 325 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
घायल पिल्ले का कराया गया इलाज
शिकायतकर्ताओं ने आपने साथिओं क़े साथ घायल पिल्ले को तलाश कर उसका इलाज भी करवाया। घसीटे जाने के कारण उसके शरीर पर कई जगह गहरी चोटें आई थीं। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पिल्ले गंदगी फैला रहे थे तो भी इस तरह की निर्दयता और अमानवीय व्यवहार किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। लोगों के अनुसार महिलाओं ने न केवल मासूम पिल्ले के साथ क्रूरता की, बल्कि उसे उसकी मां से भी दूर छोड़ दिया।
What's Your Reaction?

