जावरा ब्लॉक अध्यक्ष सूची विवाद : दबाव की राजनीति पर भारी पड़े हर्ष विजय गेहलोत : प्रदेश नेतृत्व ने किया इस्तीफा अस्वीकार
सूत्रों के मुताबिक अब जावरा ब्लॉक अध्यक्षों की सूची में उन्हीं नामों को शामिल किया जाएगा, जिन्हें पहले जिला समन्वय समिति ने सर्वसम्मति से तय किया था।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) रतलाम जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत के इस्तीफे ने पार्टी संगठन में बड़ा राजनीतिक संदेश दे दिया है। जावरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की सूची में प्रदेश स्तर पर किए गए फेरबदल और आलोट की सूची को होल्ड पर रखने से नाराज गेहलोत ने पद छोड़कर साफ कर दिया कि वे किसी भी तरह के दबाव में काम करने वाले नहीं हैं।
इस्तीफे के बाद हालात की गंभीरता को समझते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को गेहलोत का त्यागपत्र अस्वीकार कर दिया। मामला यहीं नहीं रुका, संगठन में बढ़ते असंतोष को थामने के लिए जिला कांग्रेस प्रभारी विधायक प्रताप ग्रेवाल को खुद सैलाना पहुंचकर गेहलोत से चर्चा करनी पड़ी।
सूत्रों के मुताबिक अब जावरा ब्लॉक अध्यक्षों की सूची में उन्हीं नामों को शामिल किया जाएगा, जिन्हें पहले जिला समन्वय समिति ने सर्वसम्मति से तय किया था। गौरतलब है कि जारी की गई सूची में ऐसे नाम सामने आए थे, जिनका कांग्रेस से कभी सक्रिय जुड़ाव ही नहीं रहा। यही कारण था कि पूर्व विधायक गहलोत ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए जिलाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।
इस पूरे घटनाक्रम ने साफ कर दिया है कि जिलाध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत संगठनात्मक निर्णयों में समझौते के मूड में नहीं हैं और सिद्धांतों से कोई समझौता नहीं करेंगे। कांग्रेस संगठन में यह घटनाक्रम सत्ता नहीं, बल्कि संगठन की रीढ़ मजबूत करने की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है।
What's Your Reaction?



