29 जुलाई को गुरुपूर्णिमा पर गुरु दीक्षा : पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ सहित होंगे अनेक संस्कार : गृहे-गृहे यज्ञ अभियान से आध्यात्मिक जागरण
व्यसनमुक्ति एवं कुरीति उन्मूलन अभियान के अंतर्गत देवदक्षिणा के रूप में धनराशि के बजाय एक बुराई का त्याग और एक अच्छाई को अपनाने का संकल्प दिलाया गया।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) अखिल विश्व गायत्री परिवार की अधिष्ठात्री वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष-2026 के प्रयाज कार्यक्रमों के अंतर्गत ग्राम सरवनी जागीर में 21 घरों में गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। इसी क्रम में गायत्री परिवार के संस्थापक पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा 100 वर्ष पूर्व प्रज्वलित अखण्ड दीपक की जन्मशताब्दी भी इस वर्ष मनाई जा रही है।
गायत्री परिवार रतलाम शाखा द्वारा "गृहे-गृहे यज्ञ अभियान" के तहत विभिन्न गांवों में एक साथ एक ही समय पर गायत्री महायज्ञ संपन्न कराए गए। जिला समन्वयक दामोदर शर्मा एवं मुख्य ट्रस्टी पातीराम शर्मा के नेतृत्व में 21 यज्ञाचार्यों की टोली ने यज्ञ सम्पन्न कराए। यज्ञ से पूर्व गायत्री परिजनों ने सामूहिक रूप से त्रिवेणी रोपण किया तथा सभी यजमान परिवारों को एक-एक पौधा भेंट किया।
व्यसनमुक्ति एवं कुरीति उन्मूलन अभियान के अंतर्गत देवदक्षिणा के रूप में धनराशि के बजाय एक बुराई का त्याग और एक अच्छाई को अपनाने का संकल्प दिलाया गया।
29 जुलाई को मनाया जाएगा गुरुपूर्णिमा पर्व
गायत्री परिवार रतलाम शाखा द्वारा 29 जुलाई को गुरुपूर्णिमा पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। युवा प्रकोष्ठ के विवेक चौधरी ने बताया कि 28 जुलाई को प्रातः 6 बजे से सायं 6 बजे तक गायत्री शक्तिपीठ, डोंगराधाम (शंकरगढ़) में गायत्री मंत्र का अखण्ड जप होगा, जिसमें परिजन क्रमवार सहभागिता करेंगे।
29 जुलाई की सुबह मंदिर के शिखर पर नवीन धर्मध्वजा चढ़ाई जाएगी। इसके बाद पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ, गुरुपर्व पूजन एवं गुरु दीक्षा का आयोजन होगा। संस्कार परंपरा पुनर्जीवन अभियान के अंतर्गत जन्मदिवस, विवाह दिवस, पुंसवन, अन्नप्राशन, नामकरण एवं विद्यारंभ सहित विभिन्न वैदिक संस्कार भी सम्पन्न कराए जाएंगे।
What's Your Reaction?



