रतलाम में एक करोड़ की वसूली के लिए सराफा व्यापारी के घर फायरिंग मामले का मास्टरमाइंड पूर्व बजरंग दल नेता वीनू शर्मा गिरफ्तार : 40 लाख की सुपारी लेकर कराई थी वारदात
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान दोनों आरोपियों ने बचने का प्रयास किया, जिससे उन्हें चोटें भी आई हैं। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) सराफा व्यापारी के घर पर एक करोड़ रुपए की वसूली के लिए फायरिंग कराने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले के मास्टरमाइंड और बजरंग दल के पूर्व नेता वीनू शर्मा तथा उसके साथी अजय यादव को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों पर पुलिस ने 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान दोनों आरोपियों ने बचने का प्रयास किया, जिससे उन्हें चोटें भी आई हैं। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी वीनू शर्मा ने सराफा व्यापारी से एक करोड़ रुपए की वसूली के लिए 40 लाख रुपए की सुपारी लेकर फायरिंग की साजिश रची थी। इस पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा है। मामले में पुलिस पहले ही कुछ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, सराफा व्यापारी कमल सोनी के बेटे और सरवन के सराफा व्यापारी आदित्य सोमानी के बीच लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। फायरिंग की घटना से एक दिन पहले ही कमल सोनी ने सरवन थाने में आदित्य सोमानी के खिलाफ वसूली के लिए धमकाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके अगले ही दिन उनके घर पर फायरिंग की वारदात हो गई।
घटना के बाद से पुलिस लगातार मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
What's Your Reaction?



