आजाद अध्यापक शिक्षक संघ की पुरानी पेंशन बहाली सहित मांगों को लेकर 8 फरवरी को पेंशन वाहन रैली : मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन
पेंशन वाहन रैली का नेतृत्व उज्जैन संभागाध्यक्ष प्रकाश शुक्ला के मार्गदर्शन में जिलाध्यक्ष सुनील कुमार गोंड़ द्वारा किया जाएगा।
रतलाम (प्रकाशभारत.कॉम) आजाद अध्यापक शिक्षक संघ, रतलाम शिक्षक एवं कर्मचारी वर्ग की लंबित मांगों को लेकर रविवार, 08 फरवरी 2026 को जिला स्तरीय पेंशन वाहन रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली का उद्देश्य शासन का ध्यान शिक्षक-कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं की ओर आकर्षित करना है।
रैली का शुभारंभ दोपहर 12:00 बजे गुलाब चक्कर उद्यान, पुराने कलेक्ट्रेट से होगा। यह रैली गुलाब चक्कर → कॉलेज रोड → लोकेंद्र टॉकीज → दोबत्ती → कॉन्वेंट स्कूल → फव्वारा चौक होते हुए नए कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगी, जहां दोपहर 02:30 बजे मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
पेंशन वाहन रैली का नेतृत्व उज्जैन संभागाध्यक्ष प्रकाश शुक्ला के मार्गदर्शन में जिलाध्यक्ष सुनील कुमार गोंड़ द्वारा किया जाएगा।
संघ की प्रमुख मांगों में अध्यापक शिक्षक संवर्ग को प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा अवधि की गणना कर पुरानी पेंशन, ग्रेच्युटी एवं अवकाशों के नगदीकरण का लाभ, OPS की बहाली, कर्मचारियों के लिए 10 लाख रुपये तक की हेल्थ केयर कैशलेस कार्ड योजना, केंद्र के समान वेतन एवं महंगाई भत्ता तथा दोषपूर्ण ई-अटेंडेंस व्यवस्था को समाप्त करने की मांग शामिल है।
संघ के जिला सचिव राजेश स्वर्णकार, जिला संगठन मंत्री हरिराम जाटवा, जिला उपाध्यक्ष किरण पाटीदार, रमेश उपाध्याय, संभागीय उपाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, महासचिव रामकरण कनेरिया सहित विभिन्न ब्लॉक अध्यक्षों ने जिले के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर रैली को सफल बनाने की अपील की है।
What's Your Reaction?

