सोलर प्लांट से तांबे की केबल चोरी का पर्दाफाश : दो सिक्योरिटी गार्डों ने साथियों संग रची चोरी की साजिश : दो आरोपी फरार
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से सुराग जुटाए। जांच में प्लांट में कार्यरत दो सिक्योरिटी गार्डों की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर उनसे पूछताछ की गई।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) जिले के ताल थाना क्षेत्र के ग्राम असावता स्थित एक सोलर प्लांट से तांबे की केबल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए प्लांट में तैनात दो सिक्योरिटी गार्डों को गिरफ्तार किया है। दोनों ने पूछताछ में अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। मामले के दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई को सोलर प्लांट के प्रतिनिधि राकेश पाल, निवासी महू (इंदौर), ने प्लांट से तांबे की केबल चोरी होने की रिपोर्ट ताल थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से सुराग जुटाए। जांच में प्लांट में कार्यरत दो सिक्योरिटी गार्डों की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर उनसे पूछताछ की गई।
पूछताछ में नागुसिंह राजपूत (34) निवासी खजुरी देवड़ा और सुरपालसिंह राजपूत (25) निवासी कंथारिया ने लालसिंह राजपूत और कृष्णपालसिंह राजपूत, दोनों निवासी कंथारिया, के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई तांबे की केबल फरार साथियों के पास है। पुलिस चोरी गए मशरुके की बरामदगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
What's Your Reaction?



