राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में रतलाम का शानदार प्रदर्शन : चार खिलाड़ियों ने जीते कांस्य पदक
और धीशा निगम ने बढ़ाया जिले का गौरव; प्रशिक्षकों ने भी हासिल की राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धियां
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) इंदौर में 8 से 12 सितंबर तक आयोजित राष्ट्रीय सीनियर किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में रतलाम के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में रतलाम के चार खिलाड़ियों ने कांस्य पदक हासिल किए। वहीं, प्रशिक्षकों और निर्णायकों ने भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी योग्यता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में आशुतोष प्रजापत, कुशाग्र बैरागी, नितिराज सिंह चौहान और धीशा निगम ने कांस्य पदक जीते। ऐश्वर्या बैरागी एवं अनमोल शर्मा का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।
प्रशिक्षकों ने हासिल की महत्वपूर्ण उपलब्धियां
रतलाम जिला किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष शुभम तलोदिया ने ब्लैक बेल्ट हासिल करने के साथ नेशनल एक्रेडिटेड कोच का दर्जा और लाइसेंस प्राप्त किया। वहीं, कुशाग्र बैरागी, ऐश्वर्या बैरागी और नितिराज सिंह चौहान ने कोचिंग डिप्लोमा पूरा कर नेशनल एक्रेडिटेड कोच की पात्रता हासिल की।
काजल रावल ने रेफरी लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी की। शुभम खराड़ी और आकांक्षा यादव ने राष्ट्रीय स्तर पर निर्णायक (अंपायर) की भूमिका निभाई।
अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षकों से लिया आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण
चैंपियनशिप से पहले 5 से 10 सितंबर तक विशेष प्रशिक्षण कैंप आयोजित किया गया। इसमें सर्बिया के अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक मिलोराड जोटिक और इटली के इमैनुएल बोझोलानी ने प्रतिभागियों को आधुनिक किकबॉक्सिंग तकनीकों का प्रशिक्षण दिया।
कैंप का आयोजन वाको इंडिया कोचिंग कमेटी के चेयरमैन सी. सुरेश बाबू और अध्यक्ष संतोष के. अग्रवाल के मार्गदर्शन में हुआ। रतलाम टीम के साथ जितेंद्र राठौर ने कोच की भूमिका निभाई।
विजेताओं को दी शुभकामनाएं
रतलाम के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की इस उपलब्धि पर डिफेंस कराटे प्रशिक्षण संस्थान के अध्यक्ष जयेश राठौर, यतेंद्र भारद्वाज, शुभम चौहान, चिराग असरानी, दीपक यादव सहित समाजसेवियों ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उक्त जानकारी डिफेंस कराटे प्रशिक्षण संस्थान के अध्यक्ष जयेश राठौर ने दी।
What's Your Reaction?



