रतलाम पुलिस का सख्त अभियान: जुआ-सट्टा व अवैध गतिविधियों में लिप्त 16 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
इस अवसर पर एएसपी (शहर) राकेश खाखा ने बताया कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधों पर नियंत्रण के उद्देश्य से ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
रतलाम (प्रकाशभारत.कॉम) शहर में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रतलाम पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश खाखा के मार्गदर्शन में जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
एएसपी राकेश खाखा के निर्देशन तथा सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के नेतृत्व में शहर के चारों थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध गतिविधियों में संलग्न लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
चारों थाना क्षेत्रों से कुल 16 आरोपियों को हिरासत में लेकर स्टेशन रोड थाना पुलिस द्वारा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा स्वयं उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एएसपी (शहर) राकेश खाखा ने बताया कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधों पर नियंत्रण के उद्देश्य से ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुआ, सट्टा व अन्य अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं भी अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि रतलाम को अपराध-मुक्त और सुरक्षित शहर बनाया जा सके।
What's Your Reaction?

