मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने पर एनएसयूआई का प्रदर्शन : भाजपा कार्यालय घेराव के दौरान पुलिस से धक्कामुक्की : चुनाव आयुक्त का पुतला जलाने की कोशिश
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस बल ने आग बुझाने का प्रयास किया। पहले फायर उपकरण और बाद में वाटर कैनन का उपयोग कर पुतले की आग बुझाई गई।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में मंगलवार को एनएसयूआई ने शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने डालूमोदी बाजार चौराहे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करने का प्रयास किया और बाद में भाजपा कार्यालय के घेराव के लिए निकले।
पुतला दहन को लेकर पुलिस-कार्यकर्ताओं में छीनाझपटी
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस बल ने आग बुझाने का प्रयास किया। पहले फायर उपकरण और बाद में वाटर कैनन का उपयोग कर पुतले की आग बुझाई गई। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच पुतले को लेकर छीनाझपटी भी हुई। पुलिस ने पुतला अपने कब्जे में लेकर वाहन में रख लिया, जिससे पुतला पूरी तरह नहीं जल सका।
भाजपा कार्यालय घेराव के दौरान लगा बैरिकेड, हुई धक्कामुक्की
पुतला दहन के बाद कार्यकर्ता पैलेस रोड स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव करने के लिए रवाना हुए। हालांकि रास्ते में पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, माणक चौक थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान और स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह जादौन सहित पुलिस अधिकारी बैरिकेड्स पर तैनात रहे। आगे बढ़ने की कोशिश में कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की की स्थिति बन गई।
धक्कामुक्की में पुलिस अधिकारी घायल, कांग्रेस नेता का कुर्ता फटा
प्रदर्शन के दौरान हुई धक्कामुक्की में सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया की अंगुली मुड़ गई, जबकि माणक चौक थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान की कलाई के पास नाखून लगने से चोट आई और खून निकल आया। वहीं कांग्रेस नेता हितेश पैमाल का कुर्ता भी फट गया। वाटर कैनन चलने से कई कार्यकर्ता और पुलिसकर्मी भी भीग गए।
एनएसयूआई ने सरकार पर लगाए आरोप
एनएसयूआई शहर अध्यक्ष निलेश शर्मा ने कहा कि उनकी नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन कथित रूप से षड्यंत्रपूर्वक निरस्त किया गया है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर हमला बताते हुए कहा कि संगठन इसका विरोध जारी रखेगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?



