बिरियाखेड़ी में तीन सूने मकानों के ताले टूटे : लाखों के जेवर और 3.30 लाख नकद ले गए चोर : बेटी की शादी के लिए रखी रकम भी उड़ाई

वारदात के बाद सामने आए CCTV फुटेज में दो संदिग्ध चोर दिखाई दे रहे हैं। दोनों चड्डी-टीशर्ट में नजर आ रहे हैं। फुटेज में एक चोर CCTV कैमरे को देखता है और फिर कैमरे की ओर पत्थर फेंकता दिखाई दे रहा है।

Sep 21, 2026 - 16:43
 0
बिरियाखेड़ी में तीन सूने मकानों के ताले टूटे : लाखों के जेवर और 3.30 लाख नकद ले गए चोर : बेटी की शादी के लिए रखी रकम भी उड़ाई

रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) शहर में सूने मकानों की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। औद्योगिक थाना क्षेत्र के बिरियाखेड़ी में रविवार रात चोरों ने एक साथ तीन मकानों को निशाना बनाया। दो घरों से चोर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और करीब 3.30 लाख रुपए नकद ले गए, जबकि तीसरे मकान से कितना सामान चोरी हुआ, इसका पता मालिक के लौटने के बाद ही चलेगा।

चोरी की वारदात अनवर हुसैन, नोसेर खान और इमरान रंगरेज के मकानों में हुई। सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। CCTV फुटेज में दो संदिग्ध दिखाई दिए हैं। पुलिस उनकी पहचान और तलाश में जुटी है।

बेटे के इलाज में परिवार अस्पताल गया, पीछे से घर साफ

अनवर हुसैन का 20 वर्षीय बेटा बीमार है। रविवार रात वह परिवार के साथ बेटे को जिला अस्पताल लेकर गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी से नकदी व जेवरात चोरी कर लिए।

सुबह पड़ोसी ने ताला टूटने की सूचना दी। घर पहुंचने पर अनवर को सामान बिखरा मिला। उनके अनुसार चोर करीब डेढ़ लाख रुपए नकद, 6 जोड़ी चांदी की पायल, चांदी का ब्रेसलेट व चेन, अंगूठियां, मंगलसूत्र, लौंग सहित सोने-चांदी के जेवर ले गए।

अनवर लोडिंग वाहन चलाते हैं। करीब छह महीने बाद उनकी बेटी की शादी है। शादी की तैयारियों के लिए जुटाकर रखी गई रकम भी चोरी हो गई। घटना से परिवार सदमे में है।

नानाजी के निधन पर गांव गया था परिवार, पीछे से हो गई चोरी

दूसरी वारदात नोसेर खान के मकान में हुई। नानाजी के निधन के कारण नोसेर अपने परिवार के साथ पिछले तीन दिनों से जावरा के पास डोडियाना गांव गए थे। इसी दौरान चोरों ने मकान का ताला तोड़ दिया।

घर लौटने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला। नोसेर के अनुसार चोर करीब 1.80 लाख रुपए नकद, दो सोने की अंगूठियां, करीब 1300 ग्राम चांदी की 8 जोड़ी पायल, सोने का मंगलसूत्र, चांदी की अंगूठियां, बच्चों के कंगन-चेन, टॉप्स, लौंग और बिछिया सहित अन्य जेवर ले गए।

तीसरे घर में कितना नुकसान, मालिक के लौटने पर चलेगा पता

इमरान रंगरेज इलाज के सिलसिले में बड़ौदा गए हुए थे। उनके मकान का ताला भी चोरों ने तोड़ा है। चोरी की सूचना मिलने के बाद इमरान रतलाम के लिए रवाना हो गए हैं। उनके लौटने के बाद ही चोरी गए सामान और नकदी का वास्तविक आकलन हो सकेगा।

CCTV में दो संदिग्ध, कैमरे पर पत्थर फेंकता दिखा चोर

वारदात के बाद सामने आए CCTV फुटेज में दो संदिग्ध चोर दिखाई दे रहे हैं। दोनों चड्डी-टीशर्ट में नजर आ रहे हैं। फुटेज में एक चोर CCTV कैमरे को देखता है और फिर कैमरे की ओर पत्थर फेंकता दिखाई दे रहे है।

पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में कुल कितने लोग शामिल थे, चोर किस रास्ते से बिरियाखेड़ी पहुंचे और चोरी के बाद किस दिशा में फरार हुए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.