हादसा:मामला सफाईकर्मी महिला का सड़क दुर्घटना में मौत का- नगर निगम के बाहर शव रख कर किया प्रदर्शन
निगम आयुक्त के व्यवहार से भड़के कर्मचारी

रतलाम @prakashbharat। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से सैलाना ओवरब्रिज पर आधी रात में एक महिला सफाई कर्मी की मौत हो गई, जबकि अन्य महिला भी गंभीर घायल हो गई। सुबह मांगों की सुनवाई नहीं होने और आयुक्त के रवैय्ये से नाराज सफाई कर्मचारियों ने शव रखकर निगम के सामने चक्काजाम कर दिया। एसडीएम और पुलिस की मौजूदगी में आयुक्त ने चर्चा करके मांगों के निराकरण का आश्वासन दिया तब मामला शांत हुआ और महिला का अंतिम संस्कार किया गया।
पूरा मामला रात करीब डेढ़ बजे का है। नगर निगम द्वारा दिए गए ठेके के चलते आईडबल्यूएम कंपनी के सफाई मित्र रात्रि कालीन सफाई का काम कर रहे थे। इसी बीच सैलाना ओवरब्रिज पर कविता भाटी, हीना परमार और पूजा दोमाने भी सफाई कर रही थी। अचानक सैलाना बस स्टैंड की ओर से सैलाना की ओर जा रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने इन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद भी वाहन चालक ने न तो वाहन धीमा किया और न ही मदद का कोई प्रयास। अन्य कर्मचारियों ने दौड़कर आकर देखा तो कविता और हीना गंभीर रूप से घायल हो चुकी थीं। दोनों को एम्बुलेंस बुलवाकर तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया लेकिन अस्पताल पंहुचने तक कविता की मृृत्यु हो गई। हीना परमार को गंभीर स्थिति में भर्ती किया गया जहां उसका उपचार चल रहा है।
आयुक्त के लहजे से भड़के कर्मचारी
मंगलवार सुबह कविता भाटी के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा गया। इस दौरान संयुक्त सफाई मोर्चा और वाल्मिकी पंचायत के बैनर तले पूरे शहर के सफाईकर्मी एकत्रित होकर पहले अस्पताल इसके बाद नगर निगम पंहुचे। आक्रोशित कर्मचारियों ने निगम आयुक्त ओपीएस गहरवार से कक्ष में मुलाकात की और मृतक और घायल के इलाज और मुआवजे की मांग के साथ अनुकंपा नियुक्ति की मांग रखी। इस दौरान आयुक्त और कर्मचारियों के बीच बहस हो गई जिसमें आयुक्त ने कड़े लहजे में कह दिया कि वो जितना कर सकते थे, कर चुके हैं। निगम कोई मदद नहीं कर सकता, ठेकेदार से मांग करें। उनके लहजे से कर्मचारी आक्रोशित हो गए।
शव रखकर जाम किया रोड, पुलिस-प्रशासन के अधिकारी पंहुचे
आक्रोशित कर्मचारियों और महिला के परिजनों ने शव को नगर निगम तिराहे पर मुख्य सड़क पर रख दिया और उसके आसपास धरने पर बैठ गए। वाल्मिकी पंचायत के अध्यक्ष कमल भाटी और संयुक्त सफाई कर्मचारी मोर्चा के शैलेंद्र खरे आदि ने मांग रखी कि नगर निगम जिम्मेदारी से पल्ला नहीं ााड़ सकता। आयुक्त ने उनकी समस्या सुनने से भी इनकार कर दिया जिससे वे नाराज हैं। उनके द्वारा मृतक महिला के परिवार में किसी को अनुकंपा नियुक्ति देने और मुआवजे की मांग की जा रही थी। प्रदर्शन की सूचना पर एसडीएम संजीव केशव पाण्डेय, उपायुक्त विकास सोलंकी, स्वास्थ अधिकारी एपी सिंह समेत सीएसपी अभिनव वारंगे समेत तीनों थाने के प्रभारी और बल पंहुच गया। करीब एक घंटे तक पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट किया और प्रदर्शन चलता रहा। प्रदर्शनकारी महापौर या आयुक्त को बुलाने की बात करते रहे। करीब शाम 4.30 बजे आयुक्त ने पंहुचकर उनसे चर्चा की और दोनों मांगों के निराकरण का आश्वासन दिया जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया। महिला के शव को मुक्तिधाम भेजकर अंतिम संस्कार किया गया
What's Your Reaction?






