आलोट में पटवारी पर जानलेवा हमले के विरोध में पटवारी संघ का प्रदर्शन : हमलावरों पर कड़ी कार्रवाई की मांग : अनुविभागीय अधिकारी एवं एसडीओपी को सौंपा ज्ञापन
पटवारी संघ ने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में 28 जुलाई से प्रदेशभर के पटवारी सभी ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार करेंगे।
आलोट (प्रकाशभारत न्यूज़) विगत दिनों आलोट में एक पटवारी पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में मंगलवार को पटवारी संघ ने विरोध प्रदर्शन करते हुए अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) एवं एसडीओपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से हमलावरों के विरुद्ध शीघ्र एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
इस दौरान जिलेभर से बड़ी संख्या में पटवारी आलोट पहुंचे और घटना के प्रति अपना रोष व्यक्त किया। पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पटवारी पिछले 15 दिनों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं। इसी बीच आलोट में एक पटवारी पर जानलेवा हमला होना बेहद गंभीर और चिंताजनक है।
संघ ने आरोप लगाया कि अब तक शासन स्तर पर न तो उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक पहल की गई है और न ही पटवारियों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
पटवारी संघ ने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में 28 जुलाई से प्रदेशभर के पटवारी सभी ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार करेंगे। इससे राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न ऑनलाइन कार्य, नामांतरण, सीमांकन, रिकॉर्ड अपडेट सहित आमजन से संबंधित कई सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है।
What's Your Reaction?



