रतलाम में करणी सेना का कलेक्ट्रेट घेराव टला, शहर की सीमा पर ही रोके गए आंदोलनकारी : कलेक्टर से मिलने की जिद पर अड़ी करणी सेना

प्रशासन ने पहले से ही शहर के सभी प्रमुख एंट्री पॉइंट्स पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया था। फोरलेन पर बैरिकेड्स लगाने के साथ-साथ शहर की ओर जाने वाले मार्गों पर ट्रक और ट्रैक्टर खड़े कर रास्ता बंद कर दिया गया।

Mar 17, 2026 - 17:05
Mar 17, 2026 - 17:06
 0
रतलाम में करणी सेना का कलेक्ट्रेट घेराव टला, शहर की सीमा पर ही रोके गए आंदोलनकारी : कलेक्टर से मिलने की जिद पर अड़ी करणी सेना

रतलाम ( प्रकाशभारत न्यूज़) रतलाम में मंगलवार को करणी सेना द्वारा प्रस्तावित कलेक्ट्रेट घेराव से पहले ही प्रशासन और पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए आंदोलनकारियों को शहर में प्रवेश करने से रोक दिया। करणी सेना के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर के नेतृत्व में कार्यकर्ता महू-नीमच फोरलेन मार्ग से रतलाम पहुंच रहे थे, लेकिन उन्हें जावरा रोड स्थित डोसीगांव के पास ही बैरिकेडिंग कर रोक दिया गया।

प्रशासन ने पहले से ही शहर के सभी प्रमुख एंट्री पॉइंट्स पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया था। फोरलेन पर बैरिकेड्स लगाने के साथ-साथ शहर की ओर जाने वाले मार्गों पर ट्रक और ट्रैक्टर खड़े कर रास्ता बंद कर दिया गया। इसके चलते आंदोलनकारियों को तेज धूप में सड़क पर ही रुकना पड़ा और कई घंटों तक विरोध प्रदर्शन जारी रहा।

आंदोलन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, जिनमें कुछ रोज़ा रखे हुए मुस्लिम महिलाएं भी थीं। धूप और गर्मी के कारण एक महिला बेहोश हो गई, जिसे तुरंत अस्पताल भेजा गया। कई छोटे बच्चे भी अपने परिजनों के साथ मौजूद थे, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई। इस दौरान जीवन सिंह शेरपुर ने आंदोलनकारियों और पुलिसकर्मियों के लिए पानी की व्यवस्था भी करवाई।

करणी सेना के प्रमुख ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें कलेक्टर से मिलकर जनसमस्याओं से जुड़े 11 सूत्रीय मांगपत्र सौंपना था, लेकिन उन्हें रोका जाना उनके अधिकारों का हनन है। उन्होंने इसे शांतिपूर्ण आंदोलन को दबाने की कोशिश बताया। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से चर्चा की और ज्ञापन लेने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी कलेक्टर से सीधे मुलाकात की मांग पर अड़े रहे।

गौरतलब है कि यह विवाद हाल ही में खनिज विभाग द्वारा दो डंपरों की जब्ती के बाद शुरू हुआ था। ये डंपर एक ठेकेदार से जुड़े बताए जा रहे हैं, जिन्हें करणी सेना से संबंधित माना जाता है। इसी कार्रवाई के विरोध में पहले भी धरना दिया गया था, जिसके बाद कलेक्ट्रेट घेराव की घोषणा की गई थी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.